Thursday, October 22nd, 2026

महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण: अब एक साथ नहीं जुट सकते 4 से ज्यादा लोग 

 औरंगाबाद  
महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के बीच लगातार पाबंदियों में इजाफा किया जा रहा है। औरंगाबाद जिले में 4 से अधिक लोगों के एक साथ जुटने पर रोक लगा दी गई है। जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि यह रोक 4 अप्रैल तक प्रभावी रहेगी। महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले में कोरोना वायरस के 1,271 नए मामले सामने आने के साथ ही संक्रमण की चपेट में आए मरीजों की संख्या 60,100 हो गई है। एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि मंगलवार को आए इन नए मामलों के साथ ही 7 और लोगों की संक्रमण से मौत हो चुकी है जिससे जिले में मृतकों की संख्या बढ़कर 1,351 हो गई है।

उन्होंने बताया कि अभी तक 52,073 लोग कोविड-19 से स्वस्थ हो चुके हैं जबकि जिले में अब भी 6,676 मरीज संक्रमित हैं। महानगरपालिका के एक अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को 716 दुकानदारों की जांच की गई और उनमें से 61 संक्रमित पाए गए।

औरंगाबाद महानगरपालिका (एएमसी) ने शहर में मास्क न लगाने के लिए 53 लोगों को मंगलवार को पकड़ा और उनसे जुर्माने के तौर पर 26,500 रुपये वसूले। महानगरपालिका की स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नीता पडलकर ने पीटीआई-भाषा को बताया कि एएमसी कोविड-19 मरीजों के लिए बिस्तरों की संख्या 5000 तक बढ़ा रही है। उन्होंने कहा, ''जो इमारतें हमने पहले अधिगृहित की थी उन्हें कोविड-19 देखभाल केंद्र बनाया जा रहा है।

 

#महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण

Source : Agency

पाठको की राय